मैनपुरी जनपद में बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम मद्दापुर खास में दो पक्षों में हुए झगड़े में एक वृद्ध की मौत हो गई वहीं तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल मैनपुरी रेफर कर दिया गया। वहीं घायल वृद्ध ने सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना बुधवार देर शाम की है।
बताया गया है कि बुधवार शाम गांव मद्दापुर खास में शिवमंगल चौहान के चबूतरे पर सौरव बैस पुत्र अशोक निवासी, मद्दापुर खास के साथ राजेंद्र व उनके पुत्र कुलदीप, संदीप, करुणेंद्र व प्रदीप ने मामूली बात पर बहस होने पर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट से घायल सौरभ जब अपने घर पहुंचा तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी दौरान मामले ने तूल पकड़ लिया और दोनों ही पक्ष झगड़ने लगे जिसमें सिर में डंडा लगने से राकेश सिंह बैस 60 वर्ष गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मारपीट में राजेंद्र की ओर से पुत्र प्रदीप पुत्रवधू बबीता भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राकेश, सौरभ, प्रदीप, बबीता को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर में भर्ती कराया। जहां बबीता को प्राथमिक उपचार कर छुट्टी देगी दी गई। वहीं गंभीर रूप से घायल राकेश सिंह 60 वर्ष, सौरभ 22 वर्ष, प्रदीप 32 वर्ष को जिला अस्पताल मैनपुरी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में राकेश सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने बुधवार रात्रि में दम तोड़ दिया। हालांकि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
बताते हैं कि राकेश व राजेन्द्र दोनों का घर आस-पास है। राकेश सिंह ने पंचायत चुनाव जीती सरला देवी का समर्थन किया था वही राजेंद्र पक्ष ने प्रधानी का चुनाव लड़ी सुशीला देवी का समर्थन किया था तभी सही दोनों पक्षों में खुन्नस चली आ रही है। गांव में एहतियातन पुलिस की तैनाती कर दी गई है। मामले में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि तहरीर का इंतजार है तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: एमबीबीएस की परीक्षा स्थगित, कोरोना संक्रमण के चलते लिया निर्णय