कासगंज बदायूं मार्ग पर नगरिया के समीप टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त रोडवेज बस एवं डीसीएम।
- फोटो : KASGANJ
सोरोंजी (कासगंज)। कासगंज-बदायूं मार्ग पर नगरिया के समीप एक रोडवेज बस एवं मिनी ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में मिनी ट्रक चालक की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
सड़क हादसा बृहस्पतिवार सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ। कासगंज डिपो की रोडवेज बस बरेली से आ रही थी। सामने से हिंडौन से भोजीपुरा जा रही डीसीएम आ रही थी। इसमें मधुमक्खियों से भरे बॉक्स लदे हुए थे। जब दोनों नगरिया के समीप पहुंचे तो कोहरे के कारण दोनों ही आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही वाहनों के अगले हिस्से काफी क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर होते ही रोडवेज बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हादसे पर राहगीर और ग्रामीण एकत्रित हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टर ने डीसीएम चालक युसूफ (25) पुत्र इसराइल निवासी पहाड़ी कठोल भरतपुर हिंडौन सिटी राजस्थान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। उसकी मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं रोडवेज बस का चालक सत्यवीर (30) पुत्र संतोष निवासी मिरहची एटा भी गंभीर घायल हो गया। उसकी स्थिति गंभीर देखते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस में सवार सुषमा पत्नी रामवीर निवासी सोरों सहित तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।