आगरा में फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम औलेण्डा से नगला दधिराम मार्ग के निकट शुक्रवार अलसुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त कराई गई। पास के ही ग्रामीणों द्वारा युवक की शिनाख्त ग्राम महदऊ के पवन पुत्र देशराज के रूप में की गई। पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
मृतक पवन शर्मा उम्र 35वर्ष पुत्र देशराज सिविल इंजीनियर था। वह अपने ग्राम महदऊ से गुरुवार देर शामअपनी बहन के गांव मंगोली कलां में कुछ आभूषण देने जा रहा था। रविवार अलसुबह औलेण्डा के नगला दधिराम मार्ग पर सड़क किनारे उसकी बाइक पड़ी हुई थी और पास में ही स्थिति एक गड्ढे में उसकी लाश थी। राहगीरों ने जब युवक की लाश को देखा, पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पुलिस के पहुंचने के साथ ही ग्रामीणों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद गांव के लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त की। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की लाश को देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं परिजनों ने बताया कि पवन की बहन गांव मंगोली में है। गुरुवार शाम को घर से गया था। वहीं पुलिस ने मृतक के पास से मोबाइल फोन, ज्वैलरी व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस का कहना है युवक की मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो सकेंगे, फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।