कासगंज। जिले में मजरों को भी चमकाने की पहल तेज की गई है। करोड़ों रुपये से जिलेभर के दो सौ से अधिक मजरों की सड़कें सुधरेंगी। लोक निर्माण विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। इसके अलावा मुख्यालय से कस्बों को जोड़ने वाली 5 सड़कों के निर्माण की भी कार्य योजना तैयार की जा रही है।
सरकार के निर्देश पर अब मजरों का हाल सुधारने की तैयारी की गई है। लोक निर्माण विभाग 15 करोड़ रुपये की लागत से जिले के लगभग 200 से अधिक गांव की सड़कों का निर्माण कराएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। धरातल पर मजरों की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने टिप्पणी सहित प्रस्ताव भेजा है। वहीं तीन करोड़ रुपये से ग्राम पंचायतों की पुलियों का निर्माण कराए जाने की भी योजना है। इन दोनों ही योजनाओं को जल्द ही हरी झंडी मिलने की संभावना है। क्योंकि इन योजनाओं के प्रस्ताव शासन ने स्वयं लोक निर्माण विभाग से मांगे हैं। स्पष्ट भी किया था कि इस काम में देरी न करें। लोक निर्माण विभाग प्रस्ताव भेजने के बाद अब हरी झंडी का इंतजार कर रहा है। वहीं जिले में 5 सड़कें ऐसी हैं जो कस्बे और मुख्यालय को जोड़ती हैं। उन पर राह निकला दूभर है। वर्षों से उन सड़कों पर निर्माण नहीं हुआ है। इन सड़कों के निर्माण की भी लोक निर्माण विभाग ने कार्ययोजना तैयार की है। दावा किया है कि जल्द ही जिले की सड़कें गड्ढा मुक्त कर दी जाएंगी।
इन सड़कों पर होगा निर्माण
कासगंज। कासगंज-अमांपुर, अमांपुर-सिढ़पुरा, अमांपुर-एटा, सिढ़पुरा-सहावर, गंजडुंडवारा-सहावर कस्बे को जोड़ने वाली सड़कों पर मरम्मत के काम की योजना बनाई गई है। इन 5 सड़कों पर लोक निर्माण विभाग काम कराएगा। शासन से अनुमति और धन मांग लिया है।
- 5 करोड़ रुपये से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मजरों में बनेंगी सड़कें।
- 1 करोड़ रुपये से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनाई जाएंगी पुलियां।
- 18 करोड़ रुपये की लागत से काम किए जाने का भेजा गया प्रस्ताव।
- 423 ग्राम पंचायतों के लगभग 600 मजरे हैं जिले में।
- 250 से अधिक की आबादी वाले मजरों में बनाई जाएंगी सड़कें।
- मजरों में सड़कें बनाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। 5-5 करोड़ रुपये की लागत से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का निर्माण होगा। शासन से धन आते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। सुधीर कुमार, अधिशासी अभियंता, लोकनिर्माण विभाग।