मैनपुरी। मोहल्ला देवपुरा के लोगों को पीने के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध नहीं हो रहा। कार्यदायी संस्था जलनिगम की उदासीनता के कारण करीब ढाई हजार घरों में पानी की सप्लाई नहीं हो रही।
मोहल्ला देवपुरा में अमृत योजना के तहत शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिए जलनिगम को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जल निगम को 30 जून तक 1.17 करोड़ की लागत से यहां पेयजल व्यवस्था करानी थी। निश्चित अवधि निकलने के बाद भी यहां सात हजार घरों में से ढाई हजार घरों में पेयजल व्यवस्था शुरू नहीं कराई जा सकी। मोहल्ले की तीन गली ऐसी हैं जहां पांच महीने पहले ही लाइन बिछा दी गई थी, लेकिन कनेक्शन नहीं दिए गए। वहां नगर पालिका ने सीसी सड़क बनवा दी।
चार गलियों में जलनिगम ने लाइन तो बिछाई, लेकिन कनेक्शन नहीं दिए। इससे लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। कुछ स्थानों पर जल निगम ने लाइन बिछाने के साथ कनेक्शन भी दिए, लेकिन पिछले कुछ दिनों से यहां पानी नहीं पहुंच रहा है। कई बार लोग इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से भी कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
वर्जन
जलनिगम और नगर पालिका को कई बार लिखकर दिया गया कि यहां गली का निर्माण होना है कनेक्शन दे दो लेकिन कनेक्शन नहीं दिए गए। अब सीसी निर्माण हो चुका है पानी कैसे मिलेगा
सौरभ सक्सेना
गली में लाइन तो बिछाई गई लेकिन घरों में कनेक्शन नहीं दिए गए। बिना कनेक्शन के कैसे पानी मिलेगा। विभागीय लोगों को इस तरफ ध्यान देना चाहिए।
पंकज भदौरिया
जलनिगम ने लाइन बिछाने में लापरवाही की है, जिससे पानी घरों तक नहीं पहुंच रहा है। कई जगह लाइन लीकेज भी कर रही है।
यतेंद्र प्रताप सिंह
सिर्फ लाइन बिछाकर जलनिगम ने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली है। नगर पालिका भी ध्यान नहीं दे रही है। बिना कनेक्शन के लोगों को पानी कैसे मिलेगा।
जय प्रकाश सिंह चौहान
जल निगम से कहा गया है कि अमृत योजना के तहत सभी काम जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। इससे लोगों को पानी की आपूर्ति मिल सके। जो काम अधूरे हैं उन्हें भी जल्द पूरा कराने के लिए पत्र लिखा गया है।
-लालचंद्र भारती, ईओ