3एमएनपी-03-गांव कीरतपुर में बनी पानी की टंकी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। विकास खंड क्षेत्र के गांव कीरतपुर के लोगों को जल्द ही शुद्ध पानी मिलेगा। जल निगम इसके लिए पास के ही गांव घिटौली से कीतरपुर तक पाइपलाइन डालेगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है।
मैनपुरी और करहल के बीच बसे गांव कीरतपुर की आबादी करीब दो हजार है। यहां पेयजल आपूर्ति के लिए 21 हैंडपंप और पानी की टंकी भी बनी हुई है। छह माह पहले जल निगम द्वारा टंकी के पानी की जांच कराई गई तो नमूना फेल हो गया। इसके बाद गांव के सभी हैंडपंपों से भी पानी के नमूने लेकर उनकी जांच की गई। इसमें 21 हैंडपंप की जांच में 19 का पानी फेल साबित हुआ। सभी में फ्लोराइड की मात्रा दो मिलीग्राम प्रति लीटर से अधिक मिली। ऐसे में जल निगम ने हैंडपंपों पर लाल निशान लगाने के साथ ही गांव के लोगों को इन हैंडपंपों का पानी पीने से मना कर दिया। इसके बाद पंचायत राज विभाग को व्यवस्था कराने के लिए लिखा गया था लेकिन विभग द्वारा कोई व्यवस्था नहीं कराई जा सकी। अब जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव कीरतपुर को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। इसके तहत पास के ही गांव घिटौली में ट्यूबवेल स्थापित कर करीब डेढ़ किलोमीटर तक पाइपलाइन डाली जाएगी। इसी पानी की आपूर्ति गांव के लोगों की जाएगी। शासन को करीब दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है, जल्द ही स्वीकृति के बाद काम शुरू हो जाएगा।
फ्लोराइड रिमूवल यूनिट लगाने की दी थी सलाह
पूर्व में जल निगम के अधिशासी अभियंता राजकुमार शर्मा ने इस समस्या से निजात पाने के लिए फ्लोराइड रिमूवल यूनिट स्थापित करने की सलाह दी थी। ये यूनिट नलकूप में लगाई जानी थी, जिससे टंकी के पानी की ही पूरे गांव में आपूर्ति होती। इस यूनिट की स्थापना के लिए करीब 85 लाख रुपये की आवश्यकता थी जिसे प्रशासन द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया।
रोगों से परेशान हैं ग्रामीण
गांव निवासी प्रवीन ने बताया कि उसके परिवार में सभी लोग पेट रोग से पीड़ित हैं। दस्त और पेट दर्द तो आम बात हो गई है। गांव के अन्य लोग भी दूषित पानी पीने के चलते इस समस्या का सामना कर रहे हैं।
जल जीवन मिशन के तहत कीरतपुर को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
राजकुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता जल निगम