स्टेशन रोड पर भांवत चौराहे के पास नाली में भरी गंदगी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। बारिश सिर पर है, लेकिन नालों की अब तक सफाई नहीं हो सकी है। अब समय भी नहीं बचा है, लिहाजा बारिश में गलियाें और मुहल्लों जलभराव स्वाभाविक है। जिम्मेदारों को इसकी कतई चिंता नहीं है। अगर जरा सी फिक्र होती तो शायद अब तक नाले-नालियों की सफाई कभी की हो चुकी होती।
शहर में लगभग एक सैकड़ा छोटे बड़े नाले हैं। कुछ गलियों में हैं तो कुछ मुख्य मार्गों पर, लेकिन अब तक आधे भी नालों को इस बार सफाई नहीं हो सकी है। ऐसे में लोगों को बारिश का डर सता रहा है। अगर बारिश हुई तो लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ेगा। शहर के स्टेशन रोड पर पशु चिकित्सालय के सामने बहने वाला नाला पूरी तरह चोक है। दूर तक प्लास्टिक कचरा नाले में भरा है। लेकिन अब तक नगर पालिका ने इस नाले को साफ नहीं कराया है। बारिश के दौरान पानी इस नाले में नहीं निकल पाएगा, जिससे निचले मोहल्ले और सड़कों पर जलभराव होगा।
शहर के दरीबा मोहल्ले के मुख्य गली का नाला भी चोक पड़ा है। नाले की गंदगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नाले का पानी सड़क के ऊपर से बहकर सीवर के मेनहोल में जा रहा है। अगर मेनहोल में पानी न जाए तो गली में जलभराव होना तय है। लेकिन बारिश का पानी मेनहोल में जाना संभव नहीं है। ऐसे में पूरा मोहल्ला टापू बन जाएगा।