मैनपुरी। परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों को सरकार ने बड़ा झटका दिया है। मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे अनुदेशकों के मानदेय में 1470 रुपये की कटौती कर दी गई है। राज्य परियोजना निदेशक ने इस संबंध में बीएसए को पत्र जारी कर अप्रैल 2019 से ही नवीन मानदेय प्रक्रिया को लागू करने के निर्देश दिए हैं।
परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कला, कंप्यूटर और शारीरिक शिक्षा के लिए अनुदेशकों की तैनाती की गई है। इन अनुदेशकों को सरकार 8470 रुपये मानदेय दे रही थी। अनुदेशक 20 हजार मानदेय की मांग कर रहे थे। पूर्व में अनुदेशकों को 17 हजार मानदेय का प्रस्ताव भी राज्य परियोजना निदेशक ने पास कर दिया था। अनुदेशकों को इंतजार था कि उन्हें 17 हजार मानदेय मिलेगा, लेकिन अचानक उनके मानदेय में कटौती का आदेश जारी कर दिया गया।
फरवरी से नहीं मिला है मानदेय
मैनपुरी। अनुदेशकों को फरवरी से मानदेय नहीं मिला है। वे मानदेय का इंतजार कर रहे थे कि इसी बीच उनके मानदेय कटौती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिससे अनुदेशकों में मायूसी छायी हुई है। अनुदेशक शिव कुमार, सिंटू, संध्या, अभिषेक, राहुल कुमार, अरुण कुमार, रोहित कुमार आदि ने सरकार के इस निर्णय की निंदा की है।