आगरा। सिंगापुर में आयोजित विश्व नगर शिखर सम्मेलन (वर्ल्ड सिटीज समिट 2026) एवं मेयरल फेलोशिप कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर ने शिरकत की। महापौर ने इस दौरान सिंगापुर की संस्कृति मंत्री ग्रेस फू को विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की प्रतिकृति भेंट की और आगरा आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
शिखर सम्मेलन का आयोजन मलेशिया के ऐतिहासिक शाही महल में किया गया जो 1800 ईस्वी के दौर में तत्कालीन राजा का निवास स्थान था। समापन कार्यक्रम की मेजबानी सिंगापुर की संस्कृति मंत्री ने की। सम्मेलन में विभिन्न देशों के नगर प्रशासकों ने हिस्सा लेकर शहरों को वैश्विक बनाने, समावेशी विकास, सुशासन और पारदर्शिता पर गहन मंथन किया। चर्चा के दौरान सभी महापौरों ने इस बात पर जोर दिया कि नगर प्रशासन पूरी तरह से जन-केंद्रित और जवाबदेह होना चाहिए ताकि नागरिकों को समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
महापौर हेमलता दिवाकर ने इस आयोजन को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय साझा कार्यक्रमों से दुनियाभर के शहरों को अपनी चुनौतियां दूर करने और समावेशी विकास की राह पर आगे बढ़ने में बड़ी मदद मिलेगी।