जिला एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य का मतदान संपन्न होने के बाद अब एक नवंबर को सुबह आठ बजे से 15 केंद्रों पर वोटों की गिनती होगी। इसमें 24 घंटे से अधिक समय लग सकता है। ऐसे में दो पालियों में गणना होगी। 25 राउंड की गणना के दौरान सुरक्षा के भी चाक-चौबंद बंदोबस्त होंगे।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) व उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरनाम सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि मतगणना दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह आठ से रात आठ बजे तक और दूसरी रात आठ से सुबह आठ बजे तक रहेगी। यदि मतगणना में 24 घंटे से अधिक समय लगता है तो प्रथम पाली के कर्मचारी ही संबंधित स्थान पर रिपोर्ट करेंगे।
प्रत्येक मतगणना पार्टी में एक गणना पर्यवेक्षक, 32 मतगणना सहायक व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहेगा। हालांकि पिछले परिणामों को देखते हुए क्षेत्र और जिला पंचायत सदस्यों का परिणाम दो नवंबर दोपहर बाद तक ही आ पाएगा। प्रत्येक गणना स्थल पर उपजिलाधिकारी स्तर के अधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। प्रत्येक तहसीलवार एक अपर जिलाधिकारी को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया है। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी बाहरी व्यक्ति को गणना स्थल के दो सौ मीटर दायरे में बिना प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
--------
पास जारी किए गए
मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए गणना कर्मियों को सफेद रंग के कागज पर फोटोयुक्त प्रवेश पत्र जारी किया गया है। उम्मीदवारों के परिचय पत्र पीले रंग के कागज पर और गणना अभिकर्ताओं के प्रवेश पत्र सफेद रंग के कागज पर होंगे। मतगणना कक्ष में उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ता या उसके मतगणना अभिकर्ता तीनों में से एक ही व्यक्ति एक समय में उपस्थित रह सकेगा।
-----
ये नहीं ले जा सकेंगे
मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन, माचिस, लाइटर, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, पानी की बोतल व अन्य तरल व ज्वलनशील पदार्थ पर पाबंदी रहेगी।
-----
विजेता प्रत्याशी को मोबाइल पर मिलेगी जानकारी
मतगणना के दौरान विजेताओं को परिणाम जानने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं। इस बार प्रशासन ने हाईटेक व्यवस्था की है। जैसे ही परिणाम घोषित होगा। जानकारी निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। साथ ही विजेता प्रत्याशी को नामांकन के दौरान दिए गए मोबाइल नंबर पर सूचना भेज दी जाएगी।
ये हैं मतगणना स्थल
एत्मादपुर में महेंद्रभान विमला देवी इंटर कालेज, खंदौली में जवाहर इंटर कालेज, फतेहाबाद में कृषि उत्पादन मंडी समिति अवंतीबाई चौराहा, शमसाबाद में एसएस डिग्री कालेज, जगनेर में जनता इंटर कालेज, खेरागढ़ में जनता इंटर कालेज, सैंया में मोतीलाल इंटर कालेज, अकोला में चाहरवाटी इंटर कालेज, बरौली अहीर में वीरांगना अवंतीबाई इंटर कालेज फतेहाबाद रोड, बिचपुरी में आरबीएस इंटर कालेज, अछनेरा में ग्रीन लैंड कान्वेंट स्कूल, फतेहपुर सीकरी में किसान इंटर कालेज कोरई, बाह में भदावर डिग्री कालेज, पिनाहट में सर्वोदय इंटर कालेज, जैतपुर कलां में जनता इंटर कालेज।