पिछले दिनों बसपा छोड़कर भाजपा में ‘घर वापसी’ करने वाले फतेहाबाद के विधायक छोटेलाल वर्मा के खिलाफ भाजपा में घमासान छिड़ गया है। पार्टी का एक खेमा विधायक के भाजपा में शामिल होने से संतुष्ट नहीं है। इस खेमे ने एटा के सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने विधायक पर असभ्य और निष्ठा बदलने का आरोप लगाया है। साथ ही छोटेलाल को इस बार फतेहाबाद से प्रत्याशी घोषित न करने की मांग की है।
गुरुवार को राजू भैया लखनऊ में दो जनवरी को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के संबंध में तैयारियों की समीक्षा करने आए थे। ब्रजक्षेत्र पर बैठक के दौरान उन्होंने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को लखनऊ ले जाने का आह्वान किया। बैठक के बाद कई कार्यकर्ताओं ने राजू भैया को घेर लिया और छोटेलाल वर्मा का विरोध शुरू कर दिया। इनका कहना था कि पूर्व में छोटेलाल वर्मा ने भाजपा से निर्वाचित होने के बाद विधान परिषद एवं राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग की। मोहन सिंह चाहर, प्रशांत पौनियां, यादवेंद्र शर्मा आदि ने इसका विरोध किया तो विधायक ने मारपीट की धाराओं में इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके अलावा अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं का भी उत्पीड़न किया। इस खेमे ने फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा की तरफ से प्रत्याशी न बनाए जाने की मांग की। इसमें प्रदीप भाटी, ब्रजमोहन सिंह, नरेश सिंह धाकरे, राहुल सिसौदिया, संदीप पाराशर, अशोक लवानियां, त्रिलोक चंद्र कुशवाह आदि मौजूद थे।