मैनपुरी। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़कर लाए गए सराफा व्यापारी को रातोंरात छोड़ दिया गया। जेवर आदि मंगलवार को नौकरानी के घर से बरामद दिखा दिए। एसपी ने पूरे मामले की जांचकर कार्रवाई की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के मिशन कंपाउंड निवासी रमेश चंद्रा के घर में शहर के मोहल्ला छपट्टी निवासी ममता उर्फ सोनी झाड़ू पोंछा का का काम करती थीं। आरोप है कि 20 अगस्त को वह घर में रखे लाखों रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गई थी। इसकी रमेश चंद्रा ने 31 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने दबिश देकर महिला को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान महिला ने शहर के एक सराफा व्यापारी के यहां चोरी का माल बेचे जाने की बात कबूल की थी। इसके बाद पुलिस ने सराफा व्यापारी के यहां से माल बरामद कर व्यापारी को थाने ले आई थी।
सराफ के पकड़े जाने के बाद सोमवार शाम को अन्य व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर विरोध दर्ज कराया था। रातोंरात कोतवाली पुलिस ने पूरी कहानी को ही पलट दिया। सराफा व्यापारी को छोड़ दिया। वहीं मंगलवार को कोतवाली में एक प्रेसवार्ता की गई जिसमें कहा गया कि कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दबिश देकर आरोपी महिला को पकड़ा। जेवर भी उसके घर से बरामद हुए। कोतवाली पुलिस की इस कारगुजारी को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
चोरी गए जेवर आदि की बरामदगी हो चुकी है। नौकरानी को जेल भेजा गया है। कोतवाली पुलिस कार्रवाई को लेकर जानकारी कर रहे हैं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अजय कुमार पांडेय, एसपी