मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र स्थित ऑफीसर कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े एसडीएम, डीआईओएस और नायाब तहसीलदार के आवास के ताले तोड़कर चोरी की गई। अफसर जब शाम को आवास पर पहुंचे तब उन्हें मामले की जानकारी हुई।
ऑफीसर कॉलोनी में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मनोज कुमार वर्मा, एसडीएम घिरोर अनिल कुमार कटियार और नायब तहसीलदार रवीश कुमार के आवास हैं। मंगलवार सुबह तीनों अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में चले गए। देर शाम जब वे लोग लौटकर घर आए तो उनके आवासों के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। चोरी की वारदात के संबंध में समाचार लिखे जाने तक पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। संभावना जताई गई है कि कॉलोनी में पीछे के रास्ते से करके चोरों ने दोपहर के समय वारदात को अंजाम दिया है।
चोरी हुए सामान की नहीं दी जानकारी
अफसरों ने ताले टूटने की बात तो स्वीकार की, लेकिन क्या सामान चोरी हुआ इस संबंध में उनकी ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा का कहना था कि उनके आवास में सामान बिखरा हुआ पाया गया है। अभी पूरे आवास की जांच नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही पता चलेगा क्या सामान चोरी गया। एसडीएम घिरोर अनिल कुमार कटियार ने कहा कि ताला तोड़ा गया है। चोरी क्या हुआ इसका जानकारी कर रहे हैं। कोई भी कीमती सामान चोरी नहीं हुआ है। इसी तरह का जवाब नायब तहसीलदार की ओर से भी दिया गया।
ऑफीसर कॉलोनी में चोरी के संबंध में कोई सूचना या फिर तहरीर नहीं दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-भानुप्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली।