भोगांव (मैनपुरी)। मोहल्ला जगत नगर स्थित एक मकान का जंगला तोड़कर चोर घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने बक्सा और अलमारी में रखे जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह जानकारी होने के बाद गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगत नगर निवासी शिव प्रकाश पुत्र मेवाराम बुधवार की रात परिवारीजनों के साथ सो रहे थे। रात में किसी समय चोरों ने घर के बाहर लगे जंगला को तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ कर जेवर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात अंजाम देने के बाद चोर मुख्य दरवाजे से बाहर निकल गए और बाहर से कुंडी लगा दी। बृहस्पतिवार की सुबह जागने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हो सकी।
गृहस्वामी शिव प्रकाश ने बताया कि चोर करीब 30 हजार की नकदी, सोने की जंजीर, अंगूठी, कानों की झुमकी, बच्चे की हाय, पायल आदि चोरी कर ले गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व जमौरा रोड निवासी रमेश चंद्र शाक्य के घर में भी चोर जंगला के रास्ते दाखिल हुए थे। वहां से करीब आठ लाख के नकदी जेवर चोरी कर ले गए थे। स्थानीय लोगों ने चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा किए जाने की मांग की है।