‘आई लव पाकिस्तान’ लिखे गुब्बारे चीन से आए थे। भरत मिलाप मेले में मोहम्मद सत्तार से जो गुब्बारों का पैकेट मिला था उस पर मेड इन चाइना लिखा हुआ था। अब खुफिया एजेंसियां यह जानने में लगीं हैं कि गुब्बारे यहां पहुंचे कैसे। हालांकि अभी तक जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक गुब्बारों की कड़ी मुंबई से भी जुड़ी है।
20 अक्तूबर को कोसीकलां में भरत मिलाप मेले में आई लव पाकिस्तान लिखे गुब्बारे बेचते हुए मो. सत्तार को पकड़ा गया था। सत्तार जयसिंह पुरा में किराये का मकान लेकर रह रहा है। उसी दिन से खुफिया एजेंसियां सत्तार से पूछताछ कर रही हैं लेकिन अभी तक कुछ जानकारी मिल नहीं पाई है। सत्तार ने अधिकारियों को बताया था कि वह कोतवाली के पास नरेश और भगवानदास के यहां से गुब्बारे लेता है। जब अफसरों ने नरेश और भगवानदास से पूछा तो इन्होंने बताया कि वह दिल्ली के सदर बाजार (खुर्शीद मार्केट) में सचिन की दुकान से गुब्बारे लाते हैं। अब जब खुफिया एजेंसियां सचिन तक पहुंचीं तो पता चला कि सचिन के पास माल मुंबई से आता है। अब एजेंसियां मुंबई तक पहुंचने की तैयारी कर रही हैं।
बताया जाता है कि मुंबई के खिलौना व्यापारी अधिकांश माल चीन से मंगाते हैं। खुफिया विभाग की एक टीम मुंबई भेजी जाएगी। वहां जाकर जानकारी की जाएगी कि गुब्बारे कहां से आए। सूत्रों का कहना है कि गुब्बारे तो बड़ी संख्या में चीन से आते हैं, लेकिन पाकिस्तान लिखे गुब्बारे पहुंचने के पीछे क्या मकसद है इसकी जांच की जा रही है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि गुब्बारे के पैकेट पर मेड इन-चाइना लिखा स्टीकर लगा है। इसकी पड़ताल कराई जा रही है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भेजे गए गुब्बारे
आई लव पाकिस्तान लिखे गुब्बारे मथुरा के साथ ही प्रदेश के कई जिलों में पहुंचने की सूचना खुफिया एजेंसियों को मिल रही है। इस प्रकार के गुब्बारे दुकानदार न बेचें इसके लिए भी अलर्ट किया जा रहा है। मथुरा के साथ ही आगरा, अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, कानपुर, आजमगढ़, इलाहाबाद, वाराणसी, गोरखपुर में भी इन गुब्बारों के बारे में खुफिया एजेंसियों ने बता दिया है। पुलिस अफसरों से भी कहा गया है कि अगर कहीं इस तरह से गुब्बारे बिकते मिलें तो तत्काल जब्त कर लिए जाएं।