नागरी प्रचारिणी सभा के पुस्तकालय में पुस्तक विमोचन करते साहित्यकर्मी
- फोटो : samvad
आगरा। बाल कविताएं बुजुर्गों को भी बाल्यकाल का अहसास कराती हैं। साथ ही बच्चों के जीवन को एक दिशा भी प्रदान करती हैं। इसलिए बाल साहित्य का सृजन बहुत आवश्यक है। नागरी प्रचारिणी सभा की ओर से साहित्यसेवी शरद गुप्त के दूसरे बाल काव्य संग्रह साहित्यिक कृति नन्ही नन्नू की नन्ही दुनिया के विमोचन के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं बाल साहित्यकार डॉ. शशि गोयल ने ये बातें कहीं।
पुस्तकालय भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बाल साहित्य पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। समारोह की अध्यक्षता करते हुए नागरी प्रचारिणी सभा के सभापति डाॅ. खुशीराम शर्मा ने कहा कि इस बाल काव्य संग्रह में साहित्य, कला, संस्कृति, पर्व, त्योहार और महोत्सवों की झलक मिलती है। इस मौके पर डाॅ. बीना शर्मा, साहित्यकार डाॅ. आरएस तिवारी, आदर्श नंदन गुप्ता पूर्व प्राचार्य डाॅ. विनोद माहेश्वरी, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, साहित्यसेवी संजय गुप्त, डाॅ. कमलेश नागर, डाॅ. मधुरिमा शर्मा, डाॅ. सुनीता चौहान, डाॅ. आभा चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
वरिष्ठ कथाकार महेश कटारे आज शहर में
आगरा। हिंदी के वरिष्ठ उपन्यासकार महेश कटारे रविवार को शहर में होंगे। इस दौरान वह साहित्यिक कार्यक्रम किस्सा कहानी में अपनी कहानी पार का पाठ करेंगे। वरिष्ठ संस्कृति कर्मी अनिल शुक्ल ने बताया कि नागरी प्रचारिणी सभा के लाइब्रेरी हॉल में होने वाले कार्यक्रम की प्रस्तुति शहर की सांस्कृतिक संस्था रंगलीला व कहानी पत्रिका कथादेश करेगी। अध्यक्षता हरिनारायण करेंगे।