जिला अस्पताल में भर्ती मरीज। संवाद
मैनपुरी। जिले में बुखार और सांस के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में एक बच्चे सहित दो मरीजों ने दम तोड़ दिया। चार मरीजों को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। दोपहर 12 बजे तक 457 मरीजों को आपोडी में प्राथमिक उपचार दिया गया। 17 मरीज भर्ती किए गए। शहर के ताल दरवाजा निवासी मुन्नी देवी (70) पत्नी रामशरन को पिछले कई दिनों से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। परिजन उनका इलाज एक निजी डॉक्टर के पास कर रहे थे। सोमवार की सुबह परिजन उनको गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना भोगांव के गांव बनहार निवासी आयांश (8माह) पुत्र राघवेंद्र को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका इलाज एक निजी डॉक्टर के पास करा रहे थे। सोमवार की सुबह गंभीर हालत में परिजन उसको जिला अस्पताल में लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल ने बताया कि बच्चा और महिला को परिजन मृत अवस्था में जिला अस्पताल में लेकर आए थे। पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में अस्थमा, बुखार और हार्ट के मरीजों की मौत हो रही है। एक सप्ताह में बुखार से ये दूसरी मौत हुई है।