मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर पडरिया चौराहा से घर लौट रहे लवकुश (10) की ट्रक की चपेट में आने से माैत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को माेर्चरी में रखवाया और परिजन को सूचना दी। बालक की माैत की जानकारी पर परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। औंछा क्षेत्र के गांव पडरिया निवासी जगवीर सिंह का 10 वर्षीय पुत्र लवकुश बृहस्पतिवार दोपहर साइकिल लेकर पडरिया चौराहे पर छोले-भठूरे खाने गया था। मैनपुरी रोड प्रतीक्षालय के पास लगे ठेल पर खाने के बाद वह साइकिल लेकर घर लौट रहा था, कुछ दूर चला ही था, तभी कस्बा की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इस बीच चालक गाड़ी लेकर वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी होने के बाद परिजन में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, बालक के शव को मोर्चरी में रखवाया।
चार भाई बहनों में सबसे छोटा था लवकुश
पडरिया के रहने वाले जगवीर सिंह के दो बेटे व दो बेटियां हैं, लवकुश चार भाई बहनों में सबसे छोटा था, वह कस्बा स्थित प्राइमरी स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। हादसे में उसकी असमय मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम छाया हुआ है।
घटनास्थल से एक किमी दूर खड़ा मिला ट्रक
बालक को चपेट में लेने के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया था। पुलिस को ट्रक घटनास्थल से करीब एक किमी दूर खड़ा मिला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है।