प्रमुख सचिव स्वास्थ एवं परिवार कल्याण
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ से प्रमुख सचिव स्वास्थ एवं परिवार कल्याण और नोडल अधिकारी देवेंद्र चतुर्वेदी आगरा पहुंचे। आगरा से प्रमुख सचिव देहात क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे।
अछनेरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य गेट के सामने चाय की दुकान पर टीकाकरण वैक्सीन मिलने पर प्रमुख सचिव का माथा ठनक गया। प्रमुख सचिव ने इसको गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित एएनएम के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम एनजी रविकुमार समेत जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ सीएचसी के निरीक्षण में अनेकों गंभीर कमियां और अनियमितताएं मिलीं। शासन द्वारा एआरवी वैक्सीन के मरीजों के रिकॉर्ड रखने के निर्देशों के बावजूद रजिस्टर में मरीजों का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
उपस्थिति पंजिका में महिला चिकित्सक डॉ. श्वेता गुप्ता और सफाईकर्मी अशोक कुमार लगातार बिना सूचना के गायब चल रहे थे। इनके खिलाफ रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में भारी गंदगी का आलम मिला। नालियों में मच्छर पनप रहे थे। दीवार पर पान मसाले के निशान थे।
वहीं वृक्षारोपण अभियान के तहत सीएचसी परिसर में लगाए लगभग एक सैकड़ा वृक्ष पूरी तरह सूखे मिले। प्रमुख सचिव ने अधीक्षक डॉ. जितेंद्र लवानिया ने जवाब तलब किया तो वह कोई जवाब नहीं दे सके। प्रमुख सचिव ने अधीक्षक को जमकर लताड़ लगाते हुए अपनी कार्यप्रणाली सुधारने की चेतावनी दी।
गांव मांगरोल की विनीता पत्नी धर्मवीर को प्रसव के दो सप्ताह बाद भी जननी सुरक्षा योजना का चेक नहीं मिला। उसकी शिकायत पर प्रमुख सचिव ने तत्काल उसका चेक जारी करने के निर्देश दिए।
सीएचसी पर होने वाले प्रसव का लक्ष्य भी मानकों से कम निकला। परिसर के निरीक्षण के दौरान सीएचसी की इमारत अनेकों स्थानों पर जर्जर अवस्था में मिली। छतों में सीलन आने लगी है। दीवारों से प्लास्टर उखड़ने लगा। प्रमुख सचिव ने डीएम से इसकी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजने की बात कही।
उधर विकास खंड के गांव मई में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों के साथ खुली बैठक की। ग्रामीणों से उनकी शिकायतें और सरकारी विभागों की प्रगति जानी। ग्रामीणों ने बिजली की अंधाधुंध कटौती का मामला प्रमुख सचिव के सामने रखा। ग्रामीणों का कहना था कि फसल की बुवाई के लिए सिंचाई के लिए बिजली की आवश्यकता रहती है।
बिजली की आंखमिचौली से किसानों के खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। फसलें सूखने के कगार पर हैं। किसानों ने समय से फसल बीमा का लाभ नहीं मिलने, खाद बीज की किल्लत, आयुष्मान योजना से ग्रामीणों को लाभ नहीं मिलने आदि शिकायतें की। प्रमुख सचिव ने ग्रामीणों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए इनका समाधान करने के निर्देश डीएम को दिए।
अछनेरा की सीएचसी लगातार सुर्खियों में है। यहां का स्टाफ अपनी मनमानियों से बाज नहीं आ रहा। सुबह लेटलतीफी आना और दोपहर दो बजे के बाद केंद्र को बंद करके चले जाना उनकी आदतों में है।
केंद्र पर आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं रामभरोसे हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रमुख सचिव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो और नौ का पहाड़ा भी नहीं सुना सके बच्चे
गांव मई के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों का शैक्षिक स्तर देखने पहुंचे प्रमुख सचिव हालात देखकर दंग रह गए। विद्यालय के बच्चे दो और नौ का पहाड़ा भी नहीं सुना सके। प्रमुख सचिव ने अध्यापकों को जमकर फटकार लगाई। विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता बेहद खराब मिली। परिसर में गन्दगी का भी आलम मिला। बीईओ को अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।