मंडलीय बैठक में बोलते मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में कई बांग्लादेशी नागरिकों के वोटर कार्ड बनने का मामला संज्ञान में आने के बाद प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा कि प्रदेशभर में गैर भारतीय निवासी मतदाताओं की जांच होगी। लोकसभा चुनाव से पहले आयोग के पास मजबूत मतदाता सूची होगी ताकि कोई इस पर सवाल न उठा सके और सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
आगरा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की मंडलीय समीक्षा के बाद रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान का अधिकार सिर्फ भारतीय निवासी को ही है। ऐसे में यदि किसी गलती से वोटर कार्ड बन गया है तो इसकी जांच कराई जाएगी। प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में निर्देशित किया जा रहा है। गलत तरीके से बनने वाले मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अच्छे चुनाव के लिए साफ-सुधरी मतदाता सूची जरूरी है ताकि पात्र मतदाता वोट डालने से वंचित न रह जाए। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है। जिन मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह हो गए हैं, उनको कटवाया जा रहा है।