लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू होगा। कार्तिक शुक्ल चतुर्थी पर पहले दिन नहाय-खाय अनुष्ठान के साथ व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेंगे। पर्व के लिए लोगों में उत्साह का माहौल है।
पूर्वाचल संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष शंभूनाथ चाैबे ने बताया कि शुक्रवार को नहाय-खाय के दिन व्रती ब्रह्ममुहूर्त में उठकर पवित्र नदियों या घरों में गंगाजल मिश्रित जल से स्नान करेंगे। इसके बाद सूर्य देव की आराधना कर नए वस्त्र धारण करेंगे। इस दिन शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। चूल्हे पर अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का शुद्ध सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा।
पूर्वांचल छठ पूजा समिति के मुख्य व्यवस्थापक राकेश शुक्ला ने बताया कि शहर के प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, समतलीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। घाट पर मुख्य आयोजन 15 और 16 नवंबर को होगा।
टेढ़ी बगिया निवासी विद्या मिश्रा ने बताया कि छठ मैया की कृपा से इस बार मैं पहली बार व्रत रख रही हूं। 36 घंटे के निर्जला उपवास के बारे में मन में थोड़ा संकोच जरूर था लेकिन परिवार के सहयोग और छठी मैया के प्रति आस्था से उत्साहित हूं।
प्रताप नगर निवासी विशाखा मुद्गल ने बताया कि घर में बचपन से परिवार में लोगों को व्रत रखते देखा है। पहली बार संतान प्राप्ति के लिए इस कठिन अनुष्ठान का हिस्सा बनने जा रही हूं। मन में बहुत श्रद्धा और उत्साह है।
चार दिवसीय मुख्य कार्यक्रम
13 नवंबर को नहाय-खाय (चतुर्थी)
14 नवंबर को खरना (पंचमी) - शाम को गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण करने के साथ 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू।
15 नवंबर को संध्या अर्घ्य (षष्ठी) - व्रती घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। (सूर्यास्त: 5:27 बजे)।
16 नवंबर को (सप्तमी)- उषा अर्घ्य एवं पारण, उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन (सूर्योदय: 6:39 बजे)।