आगरा। श्रीश्याम संकीर्तन महोत्सव समिति की ओर से पुल छिंगा मोदी लोहामंडी से श्रीखाटू श्याम की बृहस्पतिवार को निशान यात्रा निकाली गई। श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल के तत्वावधान में निशान यात्रा के साथ चार दिवसीय श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। निशान यात्रा श्री खाटू श्याम मंदिर जीवनी मंडी पहुंचकर समाप्त हुई।
यात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश की झांकी थी। इसके बाद सालासर बालाजी, कैला मैया और महाकाल की झांकी चल रही थी। इसके पीछे फूलों से सजे श्री खाटू नरेश की झांकी रही। जिसपर फूल बरसाती तोप के मध्य बैंड बाजों की धुन पर हाथों में रंग-बिरंगे धार्मिक ध्वज थामे श्रद्धालु नंगे पांव श्याम प्रभु की महिमा का गुणगान करते हुए शामिल हुए। रास्ते में फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया गया।
अध्यक्ष अभी जैन ने बताया कि 16 जनवरी को सुबह 10 बजे श्री कृष्ण गोशाला शाहगंज में गोमाता को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। 17 जनवरी को लोहामंडी स्थित पुनियापाड़ा पथवारी मंदिर में महिला मंडल की ओर से मेहंदी उत्सव होगा। 18 जनवरी को जैन स्मृति भवन जयपुर हाउस में दो निर्धन कन्याओं का विवाह कराया जाएगा एवं शाम को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। महामंत्री अमित अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता ने बताया कि निशान यात्रा के श्री खाटू श्यामजी मंदिर पहुंचने पर पूजा कर निशान एवं चांदी का छत्र अर्पित किए गए। इस मौके पर पार्षद अर्चना लवानिया, पार्षद हेमंत प्रजापति, विक्रांत कुशवाह, सियाराम विकास गुप्ता, पूजा राधे अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, इंद्र खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, प्रदीप जैन, मोहित अग्रवाल, अखिल अग्रवाल, आंचल, प्रिया, आशी, गुंजन, प्रियंका आदि मौजूद रहे।