किशनी (मैनपुरी)। नौकरी लगवाने के नाम पर हाथरस के एक युवक ने 2.10 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने जब कस्बा निवासी आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो उसने टरकाना शुरू कर दिया। पीड़ित शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने में चक्कर काट रहा है।
हाथरस के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव सराय निवासी सौरभ यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव गुलाबपुर निवासी एक युवक से दोस्ती हो गई थी। इस दौरान उक्त व्यक्ति ने सौरभ से लॉयन सफारी में नौकरी लगवाने की बात कही।
आरोप है कि इसके लिए 2.10 लाख रुपये की मांग रखी। सौरभ उसकी बातों में आ गया और रुपये दे दिए, लेकिन नौकरी नहीं लगी। इस पर सौरभ ने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी रुपये देने के लिए टरका रहा है। पीड़ित ने आठ अक्तूबर 2017 को थाने में तहरीर दी।
पुलिस आरोपी को थाने ले गई। वहां आरोपी ने रुपये लौटने का वादा कर दिया। लेकिन अभी तक रुपये वापस नहीं लौटाए। सौरभ अब ठग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा है। संवाद