यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन ही दोनों पाली की परीक्षा में खूब नकल हुई। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के हिंदी की परीक्षा में नकल के तरह-तरह के इंतजाम किए गए। कहीं बोलकर नकल कराई गई तो कहीं नकल सामग्री पहुंचाई गई। बड़ी संख्या में संबंधित विषय के कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। हाईस्कूल में दो, इंटरमीडिएट में चार नकलची पकड़ में आए। चार परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल की स्थिति पाई गई। कापियों की स्क्रीनिंग की संस्तुति की गई है।
पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने महात्मा दूधाधारी इंटर कालेज से दो परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। उनका दस्ता पहुंचा तो परीक्षा केंद्र को भीड़ ने घेर रखा था, परीक्षार्थियों को नकल कराने की कोशिश की जा रही थी। संबंधित थाने से एसओ को बुलाया गया, इसके बाद भीड़ भागी। यहां भीड़ ने नकल कराने के लिए बाउंड्रीवाल तोड़ डाली है। वित्त एवं लेखाधिकारी वैभव कुमार का उड़नदस्ता खूबीराम कुशवाह उमावि. रोहता पहुंचा तो एक अज्ञात व्यक्ति नकल सामग्री लेकर केंद्र के अंदर से भागा। केंद्र व्यवस्थापक को बदलने की संस्तुति की गई है।
केदारनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षार्थियों की कापियां एक जैसी लिखी पाई गईं। बोलकर नकल कराने की आशंका को देखते हुए कापियों की स्क्रीनिंग की संस्तुति की गई है। उनके दस्ते ने चार परीक्षा केंद्रों से आठ संबंधित विषय के कक्ष निरीक्षक को ड्यूटी करते पकड़ा। जीआईसी के प्रधानाचार्य डा. धर्मेंद्र शर्मा के दस्ते ने शांतिदेवी इंटर कालेज से दो संबंधित विषय के कक्ष निरीक्षक पकड़े। कमरा नंबर एक में सामूहिक नकल के हालात मिले। चंपा कमल इंटर कालेज में रूम नंबर सात और आठ के पीछे नकल सामग्री पड़ी हुई मिली। दोनों केंद्रों की कापियों की स्क्रीनिंग और केंद्र व्यवस्थापक को हटाने की संस्तुति की गई है।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय जितेंद्र सिंह यादव ने बीएन सर्राफ इंटर कालेज, जगनेर और जनता इंटर कालेज जगनेर में दो-दो परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। जीआईसी प्रधानाचार्य ने लक्ष्मी देवी इंटर कालेज रिठौरी में पहुंचे तो सेंटर अस्त-व्यस्त मिला। परीक्षार्थी एक-दूसरे की कापियों में देखकर लिख रहे थे। केंद्र व्यवस्थापक को हटाने और कापियों की स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए लिखा गया है।
12362 परीक्षार्थियों ने छोड़ी हाईस्कूल की परीक्षा
आगरा। हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा 12362 परीक्षार्थियों ने छोड़ी। कुल 86996 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 74638 उपस्थित हुुए। पहली पाली में इंटरमीडिएट के सैन्य विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा में 12 में से 11 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
एक-एक कक्ष निरीक्षक ने कराई परीक्षा
आगरा। अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी रही। खासतौर पर बेसिक स्कूलों के शिक्षक कहीं नहीं पहुंचे। इससे प्रत्येक कमरों में एक-एक कक्ष निरीक्षकों से परीक्षा कराई गई।
नहीं भेजी जा सकी आनलाइन उपस्थिति
आगरा। अटेंडेंस एप से परीक्षार्थियों की उपस्थिति और अनुपस्थिति नहीं भेजी जा सकी। बोर्ड की ओर से दिया गया सिमकार्ड एक्टिवेट नहीं हुआ। दूसरे सिमकार्ड से क्विक रिस्पांस कोड को स्कैन नहीं किया जा सका। जिला विद्यालय निरीक्षक के कंट्रोल रूम में सर्वाधिक शिकायत इसी को लेकर मिली।
4500 रुपये के चक्कर में नहीं देने दी परीक्षा
आगरा। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक के कार्यालय के कंट्रोल रूम में फतेहाबाद से स्नेह कुमार शर्मा नाम के व्यक्ति ने 4500 रुपये के चक्कर में बेटी को परीक्षा में न बैठने देने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय की ओर से प्रवेश पत्र देने के लिए 4500 रुपये मांगे जा रहे थे। पैसा न देने पर छात्रा को परीक्षा में नहीं शामिल होने दिया गया। डीआईओएस का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।
200 छात्राएं और एक महिला कक्ष निरीक्षक
आगरा। हंसाराम इंटर कालेज से कंट्रोल रूम पर जानकारी दी गई कि उनके यहां 200 छात्राएं परीक्षा दे रही हैं, जबकि महज एक महिला कक्ष निरीक्षक तैनात है। आदेश जारी किया गया है कि किसी बालिका को पुरुष वर्ग के कक्ष निरीक्षक चेक नहीं कर सकते।
ठेके पर नकल की शिकायत
बाह। बाह के एक परीक्षा केंद्र पर नकल के नाम पर खुलेआम पांच हजार रुपये की मांग की गई। वसूली के लिए एक कोटेदार को लगाया गया है। अभिभावकों ने इस बाबत डीएम को पत्र भेजा है।
उत्तर पुस्तिकाएं भगवान भरोसे
बाह। तहसील बाह में हाईस्कूल इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का उप संकलन केन्द्र आशाराम रामनिवास आदर्श इंटर कॉलेज को बनाया गया है। केंद्र व्यवस्थापक राजेेंद्र प्रसाद शर्मा ने पुलिस और प्रशासन को अब तक संकलन केंद्र पर पुलिस गारद न पहुुंचने की शिकायत की है।
नकल न कराने पर परीक्षा केंद्र पर हंगामा
इरादतनगर। देवरी-इरादतनगर रोड स्थित एक परीक्षा केंद्र पर नकल न होने से आक्रोशित परीक्षार्थी और उनके अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि स्कूल संचालकों ने नकल कराने के नाम पर दो से दस हजार रुपये तक वसूल किए हैं लेकिन नकल नहीं होने दी गई है। वहीं, केंद्र व्यवस्थापक ने नकल कराने के नाम पर किसी से कोई रकम नहीं लेने की बात कही है। आरोप लगाया कि दबंगई के बल पर कुछ लोग नकल कराना चाहते हैं।
अंधेरे में बैठकर दी परीक्षा
अछनेरा/लादूखेड़ा। शिव प्रसाद इंटर कालेज, हर प्रसाद इंटर कालेज, लाला जगन प्रसाद इंटर कालेज, श्रीपति उपाध्याय इंटर कालेज रायभा, आदर्श कन्या इंटर कालेज किरावली, शांति देवी इंटर कालेज किरावली में सुबह की पाली में कुछ कमरों में प्रकाश न होने से परीक्षार्थियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।