सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख ठगे
- मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद करहल थाने में रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल (मैनपुरी)। पुत्र की सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर गांव किरथुआ निवासी महिला से तीन लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगी की जानकारी होने के बाद कई बार रुपये वापस मांगे। लेकिन आरोपी धमकी देने लगा। मामले में मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के गांव किरथुआ निवासी आशा कार्यकर्ता रामसखी भदौरिया ने बताया कि 20 मार्च 2019 को वह पुत्र मिलन के साथ जैसीराम निवासी एक्सीलेंट स्टेट कॉलोनी न्यू सुरक्षा बिहार आगरा के यहां अखंड पाठ में गई थी। वहां सत्यपाल नाम के एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। उसने खुद को सेना में अधिकारी बताते हुए पुत्र की नौकरी सेना में लगवाने की बात कही। संपर्क होने के बाद सत्यपाल के फोन आने लगे। वह नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये मांगने लगा। किसी तरह से दो बार में उन्होंने तीन लाख रुपये सत्यपाल को दे दिए। एक महीने का समय दिया गया लेकिन धीरे-धीरे अधिक समय बीत गया। पुत्र की नौकरी नहीं लगी। अब जब भी वह रुपये वापस मांगी तो है तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता है। काफी दबाव बनाने के बाद सिर्फ एक लाख रुपये ही वापस मिल सके। शेष दो लाख रुपये वापस नहीं दे रहा है। पीड़िता की ओर से मुख्यमंत्री को दी गई शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सत्यपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।