नीले झंडे के साथ बहुजन आंदोलन चलाने का दावा करने वाले भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने बृहस्पतिवार को आगरा में संगठन के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान चंद्रशेखर ने एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) को लेकर बड़ा एलान किया।
उन्होंने कहा कि भीम आर्मी केंद्र सरकार द्वारा थोपे जा रहे एनआरसी का विरोध करेगी और इसके लिए सड़क पर भी आंदोलन करेगी। जो लोग भारतीय संविधान लागू होने के समय देश में थे, वो इस देश के ही नागरिक हैं। एक भी नागरिक को देश से बाहर करने का भीम आर्मी विरोध करेगी।
जगदीशपुरा में सपोर्ट इंडिया के सुरेश चंद्र सोनी के घर पर चंद्रशेखर आजाद ने युवाओं के सामने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। चंद्रशेखर ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की बात याद रखें। आगरा में ही जो उन्होंने कहा था कि पढ़े लिखे लोगों ने मुझे धोखा दे दिया। अब ऐसा न होने दें। ईमानदारी से बहुजन मूवमेंट का साथ दें।