आगरा के नाई की मंडी क्षेत्र में स्थित चामुंडा देवी मंदिर के पुजारी सोमवार तड़के मंदिर परिसर में लहूलुहान पड़े मिले। उनके सिर से खून निकल रहा था। पुलिस ने पुजारी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। लूटपाट की आशंका है।
धाकरान चौराहे के पास चामुंडा देवी मंदिर है। थाना नाई की मंडी भी 100 मीटर की दूरी पर है। मंदिर में पास के मोहल्ले के रहने वाले 60 वर्षीय चंद्रशेखर धाकड़ पुजारी हैं। पूजा पाठ के बाद रात को मंदिर परिसर में ही सो जाते हैं।
सोमवार तड़के चार बजे पथवारी मंदिर के पुजारी पप्पू प्रतिदिन की तरह चामुंडा देवी मंदिर के गेट पर पहुंचे। उन्होंने गेट खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। पप्पू ने आसपास के मंदिर समिति के अध्यक्ष निहाल सिंह धाकड़ व अन्य लोगों को बुला लिया।