आगरा में मां चामुंडा देवी मंदिर के प्रबंधन ने हिंदूवादी संगठनों से विरोध प्रदर्शन न करने की अपील की है। इस संबंध में मंदिर प्रबंधन ने सोमवार को एक पत्र जारी किया। जिसमें कहा गया है कि मंदिर प्रबंधन एवं रेल प्रशासन के बीच उत्पन्न विवाद के संबंध में जिला प्रशासन और रेलवे द्वारा स्पष्ट कर दिया गया है कि चामुंडा देवी मंदिर को कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।
राजामंडी स्टेशन के निकट स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर के विवाद के संबंध में कमेटी के अध्यक्ष चौधरी दरब सिंह ने कहा है कि मंदिर कमेटी ने अपना विरोध प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। जिला प्रशासन व रेल प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि मंदिर को कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन स्थगित किया है। अन्य संगठन भी इस मुद्दे पर अब कोई विरोध प्रदर्शन नहीं करें, न ही इस संबंध में बगैर कमेटी की अनुमति के किसी तरह का वक्तव्य दें। जिला प्रशासन और रेल प्रशासन के साथ बैठकर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
राजा की मंडी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मंदिर के 72 वर्ग मीटर के हिस्से को यात्रियों की सुरक्षा और प्लेटफॉर्म के विस्तार में बाधक बताते हुए रेलवे ने मंदिर प्रबंधन को 20 अप्रैल को नोटिस भेजा था। नोटिस के बाद से ही विरोध शुरू हो गया था। 26 अप्रैल को डीआरएम ने मंदिर हटाने को लेकर ट्विटर एकाउंट पर ट्वीट करने के बाद विरोध और तेज हो गया।