बाह। राजस्थान में लगातार हो रही बारिश से बृहस्पतिवार को चंबल नदी 3 मीटर चढ़ गई। 24 घंटे में नदी का जलस्तर 112 से बढ़कर 115.50 मीटर हो गया। रेंजर आरके सिंह राठौड़ ने बताया कि नदी का पेटा भर गया है।
मगरमच्छ आदि के आने के अंदेशे में ग्रामीणों को नदी किनारे के बीहड़ में न जाने के लिए अलर्ट किया गया है। जलीय जीव के दिखने पर वन विभाग को सूचना देने के लिए भी कहा गया है। नदी का जलस्तर 3 मीटर बढ़ने से बाह रेंज के तटवर्तीय 38 गांवों के लोगों को अलर्ट किया गया है। निचले इलाकों में पशु चरा रहे ग्रामीण पशुओं के साथ घर लौट पड़े।
फिलहाल नदी में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। सिमराई के प्रधान जयवीर सिंह, झरनापुरा के नेत्रपाल वर्मा, बाघराज पुरा के पवन भदौरिया ने बताया कि चंबल नदी का जलस्तर बढ़ा जरूर है, अभी खतरे की कोई बात नहीं है।