एशिया के सबसे बडे़ यूपी के ग्रीन पथ पर आयोजित साइकिल रैली में शामिल देशी-विदेशी साइकिलिस्टों को यमुना और चम्बल की वादियां खूब भा रही हैं। रहस्य रोमांच से भरे बीहड़ के गांवों में कौतूहल बस जुटी भीड़, ताली बजाते छात्र, हर प्वाइंट पर मिली सुरक्षा व्यवस्था से वे गदगद दिखे। ट्रैक के बगल में उखड़ी पड़ी सड़क से उड़ती धूल का दर्द भूल आयोजन को खूब सराहा।
इटावा के सफारी पार्क से चम्बल सफारी जरार तक का सफर तय करने वाले गुड़गांव के सुवेन्द्र बनर्जी ने ग्रीन पथ को सराहा। बीहड़ की भूल भुलैया मजेदार लगीं। हरियाणा के मेजर जनरल ओम गुलिया को चम्बल और यमुना के बीहड़ का रोमांच अच्छा लगा। गांव और यहां के लोगों का व्यवहार ठीक लगा। उन्होंने बताया कि गांवों के बारे में जो किताबों में पढ़ा था उससे बढ़िया लगा। जम्मू से आये अनिल शर्मा ने ग्रीन पथ को देश का नंबर-1 साइकिल हाईवे बताया। दिल्ली की गुरलीन कौर बोलीं, ग्रीन पथ जैसा साइकिल ट्रैक दिल्ली में भी होना चाहिए। ताकि लोग मजे से साइकिलिंग कर सकें। बीहड़ के उतार चढ़ाव और यमुना व चम्बल नदी के किनारे का एरिया अच्छा लगा। देशी ही नहीं विदेशी साइकिलिस्ट भी साइकिल रैली के आयोजन से प्रभावित दिखे। स्वीडन की एक्सलसन, फ्रीबोर्ग, मगन बेस्टन ने बताया कि चम्बल यमुना के बीहड़ का रहस्य रोमांच भाया। गांव और गांव के लोग, तालियां बजाते बच्चे प्रभावित कर रहे थे। मगन बेस्टन ने सुन्दर, बढ़िया शब्द बोलकर इंतजाम को सराहा। साइकिल रैली के दौरान साइकिलिस्ट ने यमुना चम्बल के बीहड़, नदी के किनारे खेतों में फूलती सरसों, ताली बजाते छात्रों के साथ सेल्फी ली। देशी विदेशी साइकिलिस्ट गांवों में महिला, पुरुष, बच्चों और छात्रों का शुक्रिया अदा करना नहीं भूले। चम्बल सफारी पर सचिन रस्तोगी द्वारा टाइम स्केनर द्वारा साइकिलिस्ट की टाइमिंग नोट की। इसके लिए प्रत्येक साइकिल में माइक्रो चिप लगाया गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार और रविवार का टाइम कैल्कुलेट कर विजेेताओं की घोषणा की जायेगी। इटावा से 11 बजे शुरू हुई रैली का पहला चरण शाम 5 बजे सम्पन्न हुआ। रविवार सुबह रैली आगरा के लिए रवाना होगी।
------
कोई घुमावदार सड़क पर फिसला, कहीं साइकिलें टकराईं
बाह। अंतरराष्ट्रीय साइकिल रैली के दौरान वीरबलपुरा की घुमावदार सड़क पर ब्रेक लगाया तो स्वीडन के स्टीफन साइकिल के आगे सड़क पर सिर के बल गिरकर घायल हो गये। चम्बल सफारी जरार के फिनिसिंग प्वाइंट पर मुम्बई विकास और झज्जर हरियाणा के मंजीत की साइकिलें टकरा गयी। इससे दोनों घायल हो गये। टोडीपुरा के पास दिल्ली के आरपी सिंह गिरकर घायल हो गये। हरियाणा के सुबोध नरहौली के पास बीच सड़क पर संतुलन खो जाने पर गिर पड़े। घायलों को एंबुलेंस की मदद से चिकित्सा सुविधा मुहैया करायी गयी।
-----------
ग्रामीण और स्कूली बच्चों में दिखा उत्साह
बाह। गांवों से होकर गुजरे साइकिलिस्ट को देखने के लिए ग्रामीण साइकिल ट्रैक किनारे बैठे रहे। ट्रैक किनारे के स्कूलों के बच्चों से लेकर ड्यूटी प्वाइंट पर साइकिलिस्टों की हौसला अफजाई को लगाये गये बच्चे रोमांचित थे। साइकिल रैली को सबने अखिलेश की रैली बताई। साइकिल ट्रैक को गांव के लिए पक्की सड़क बताकर सराहा। पुरा वीरबल की बसन्ती (45) और रामप्रकाश (35) बोले, अखिलेश भैया की रैली है। सड़क बढ़िया बनवाई है। पारना की मोनिका (22) ने कहा कि रैली के बहाने हमारे गांव की सड़क बन गयी। कान्हरपुरा की पूजा (25) ने रैली के साथ साइकिल ट्रैक को अच्छा बताया। पारना, नौगवां स्कूल के छात्र रमेश, सुनील, श्यामसुन्दर, छात्रा सुमौना, प्रीती, संगीता, अर्चना ने बताया कि अखिलेश की रैली है। ड्यूटी प्वाइन्टों पर साइकिलिस्ट का उत्साहवर्धन करने वाले छात्र भी बेहद रोमांचित दिखे।
------
साइकिलिस्ट के पहुंचने तक चलता रहा काम
बाह। साइकिल रैली का पहला चरण सम्पन्न होते ही सड़क और ट्रैक पर काम करने वाले मजदूर लौट गये। वे ट्रैक के किनारों की दरेसी का काम अधूरा छोड़ गये। उखड़ी पड़ी सड़क भी अधूरी रह गयी। साइकिल ट्रैक की फिनिसिंग और अधूरी सड़कों का काम साइकिलिस्ट के पहुंचने तक शनिवार को भी जारी रहा। रैली के पहला चरण सम्पन्न होते ही पीडब्ल्यूडी के मजदूर लौट गये। शुक्रवार को नौगवां, पारना, वीरबलपुरा, फकीरे की मढ़ैया गांव में ट्रैक की फिनिसिंग का काम शुरू हुआ था। जो शनिवार को साइकिलें पहुंचने तक जारी रहा। दावे के मुताबिक फकीरे की मढै़या गांव की सड़क को पीडब्ल्यूडी पूरा नहीं कर सका। उखड़ी सड़क को समतल करने के लिए मजदूर शनिवार दोपहर तक लगे रहे। अधूरी सड़क को लेकर फकीरे की मढै़या के रमेश, मोहनलाल, जसराम ने रोष व्यक्त किया।
-----
इन स्कूलों के छात्रों ने किया साइकिलिस्टों का उत्साहवर्धन
बाह। साइकिलिस्टों का उत्साहवर्धन करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक जितेन्द्र यादव के नेतृत्व में महेन्द्र मान कन्या इंटर कालेज चित्राहाट, सन्त हर नारायण इंटर कालेज नगला कमाल, सैनिक इंटर कालेज फतेहपुरा, जनता इंटर कालेज जैतपुर, बीएनडी इंटर कालेज जैतपुर, गंगा सिंह साधू सिंह इंटर कालेज खजुरियनपुरा, सार्वजनिक इंटर कालेज चौरंगाहार, बाह के आशाराम राम निवास इंटर कालेज, हर प्रसाद राजाराम इंटर कालेज, भदावर इंटर कालेज, चांगौली के लाखन सिंह इंटर कालेज के छात्र मौजूद रहे।