चंबल घाट मार्ग दुरुस्त, आज से पांटून पुल की मरम्मत शुरू
पिनाहट। चंबल नदी के पिनाहट घाट पर पांटून पुल चालू करने की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को लोक निर्माण विभाग ने बुल्डोजर से घाट मार्ग को दुरुस्त कराया। बृहस्पतिवार से पांटून पुल की मरम्मत और वेल्डिंग का काम शुरू होगा। दिवाली से पहले पुल चालू होने की उम्मीद है।
चंबल घाट पर प्रतिवर्ष 15 अक्तूबर से पांटून पुल तैयार हो जाता है। इससे उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती गांवों के लोगों का आवागमन में सुविधा होती है। इस वर्ष मोटरबोट का संचालन नहीं होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह से दिवाली से पहले पांटून पुल चालू कराने की मांग की थी।
ग्रामीणों की समस्या पर पूर्व मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द काम शुरू कराने को कहा था। इसके बाद विभाग ने घाट मार्ग को दुरुस्त कराने का काम शुरू कराया। लोक निर्माण विभाग के एई हरीश कुमार का कहना है पांटून पुल का कार्य शुरू करा दिया गया। जल्दी पुल को दोनों सीमा पर जोड़कर ग्रामीणों का आवागमन शुरू कराया जाएगा।