चुनाव में खलल नहीं डाल पाएंगे चंबल पार के अपराधी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चंबल पार के अपराधी यूपी के विधानसभा चुनाव में खलल नहीं डाल पाएंगे। चुनाव से दो दिन पहले ही बाह विधानसभा क्षेत्र से जुड़ने वाली भिंड और मुरैना जिले की सीमाएं सील कर दी जाएंगी। अपराधी थानों में नजरबंद कर दिए जाएंगे। मंगलवार की शाम जैतपुर थाने में भिंड, मुरैना और आगरा के बार्डर थानों के पुलिस अधिकारियों की एसपी पूर्वी रमेश गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बाह विधानसभा क्षेत्र में चंबल के बीहड़ को पुलिस प्रशासन ने चुनौती के रूप में लिया है। चुनाव के दौरान सीमापार से हथियार और शराब की तस्करी से लेकर अपराधियों की सक्रियता को लेकर मंगलवार को जैतपुर थाने में पुलिस अधिकारियों की इंटर स्टेट मीटिंग हुई।
एसपी पूर्वी रमेश गुप्ता को अटेर के एसडीओपी दिनेश सिंह, सुरपुरा के एसओ रामबाबू सिंह, अटेर के एसओ नरेन्द्र सिंह वर्मा, महुआ के एसओ रूप नरायन दोहरे ने आश्वासन दिया कि चुनाव से दो दिन पहले ही पेशेवर अपराधियों को थाने में नजरबंद कर दिया जायेगा। सीमाएं 48 घंटे पहले सील कर दी जाएंगी। बार्डर पर नियमित रूप से चेकिंग कर हथियार और शराब की तस्करी रोकी जायेगी। बैठक में बाह के सीओ सतीश कुमार शर्मा, पिनाहट के सीओ देवेन्द्र कुमार, जैतपुर के एसओ सत्येन्द्र राघव, बासौनी के एसओ अजय किशोर, खेड़ा राठौर के एसओ राजीत वर्मा, पिनाहट के एसओ विजय कुमार सिंह, चित्राहाट के एसओ आजाद पाल सिंह ने भिंड, मुरैना के अधिकारियों के साथ एक दूसरे के क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों को लेकर सूचनाओं का आदान प्रदान किया।