आगरा। जेबी स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित किड्स वॉर अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को बेहद रोमांचक रहा। चाहर क्रिकेट अकादमी ने शिव क्रिकेट अकादमी को 41 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच के बाद मुख्य अतिथि केके शर्मा, पार्थ राणा, संतोष राणा चाहर और क्रिकेट अकादमी के कप्तान को विजेता ट्रॉफी, शिव क्रिकेट अकादमी को उपविजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चाहर क्रिकेट अकादमी ने 25 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। पारस व सुमित रघुवंशी ने 2-2 विकेट और अजय व कबीर ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिव क्रिकेट अकादमी की टीम 23.4 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई। केजी गोस्वामी ने 39, रुद्राक्ष दीक्षित ने 31, सुमित रघुवंशी ने 37 रन बनाए। अभिज्ञान विक्रम सिंह ने 4 विकेट, धनंजय सिंह ने 3 विकेट झटके। अभिज्ञान विक्रम सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट के समापन पर खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।