सेंट्रल जीएसटी आगरा ने फर्जी इनवॉइस पर 100 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का पर्दाफाश किया है। 10 राज्यों के 23 शहरों तक फैले अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टर माइंड आगरा की आवास विकास कॉलोनी से फर्जी फर्मों के जरिए 691 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री दिखाकर 100 करोड़ रुपये का आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) वसूल चुका था।
जीएसटी अधिकारियों ने फर्जी कंपनियों के मास्टर माइंड चंद्र प्रकाश कृपलानी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को स्पेशल सीजेएम ने चंद्र प्रकाश को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया है।
सीजीएसटी आगरा के अधिकारियों ने आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 3ए समेत चार जगह छापे मारे। जांच के दौरान चंद्र प्रकाश कृपलानी के घर से बड़ी मात्रा में दस्तावेज और इनवॉइस मिले। जांच के दौरान पाया कि बिना किसी वस्तु की सप्लाई किए बोगस इनवॉइस से फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया जा रहा था।
सीजीएसटी कमिश्नर ललन कुमार ने धारा 69 के तहत चंद्र प्रकाश को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। सोमवार को चंद्र प्रकाश को गिरफ्तार कर मंगलवार को स्पेशल सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। चंद्र प्रकाश के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।