मंदिर श्रीद्वारिकाधीश में आयोजित होली गायन में झूमते हुए श्रद्घालु
- फोटो : अमर उजाला
रसिया गायन के साथ प्रारंभ हुआ होली का आनंद मंदिर द्वारिकाधीश में बरस रहा है। देश भर से आए श्रद्धालु होली का आनंद ले रहे हैं। रसिया गायक द्वारकेश रसिया मंडल के चुन्नीलाल, छोटू पंडा, अमित पाठक और प्रमोद चतुर्वेदी द्वारा मंदिर में होली के रसिया और गीतों का गायन किया गया। रसियाओं की धुन पर देश विदेश से आए श्रद्धालु परिवार के साथ नाचते देखे जा सकते हैं।
मंदिर ठाकुर द्वारिकाधीश के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि सब जग होरी या ब्रज होरा की परंपरा ब्रज मंडल में साकार होती जा रही है, क्योंकि ब्रज मंडल में ही होली प्रतिदिन देखने को मिलती है।
बाकी सभी जगह होली केवल होली के दिन ही होती है क्योंकि ब्रज में ठाकुरजी ने विभिन्न लीलाएं की हैं और पुष्टिमार्गीय संप्रदाय में ठाकुर जी को लाड़ लड़ाने की परंपरा है और उसी के तहत यह सभी आयोजन चल रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रमों के तहत 14, 17, 19 और 21 मार्च को मंदिर में भव्य मनोरथों का आयोजन किया जाएगा।