कासगंज के भरगैन में कोरोना योद्घा चिकित्सक को फूल देता युवक
- फोटो : KASGANJ
कासगंज/ भरगैन। रोज डे के साथ रविवार से वैलेंटाइन वीक का आगाज हो गया। युवाओं ने अपने-अपने तरीके से इस वीक की शुरूआत की। भरगैन में युवाओं ने कोरोना योद्घाओं को गुलाब का फूल भेंट किया। तो वहीं दंपत्तियों ने एक-दूसरे को गुलाब देकर शुभकामनाएं दी। वैलेंटाइन वीक को लेकर युवा दिलों की धड़कनें बढ़ने लगी हैं। नवदंपत्तियों में इस दिन को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
रोज डे को खास बनाने के लिए लोगों ने पहले से ही तैयारियां कर ली थी। वहीं भरगैन में कई युवाओं ने कोरोना योद्घा स्वास्थ्य कर्मियों को गुलाब का फूल देकर उत्साहवर्धन किया। समाजसेवी रिहान खान ने डॉ. गाजिया कफील, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. पल्लवीदास, डॉ. शाहिद, फार्मासिस्ट मुहम्मद रियाज, कर्मचारी अमन आदि को गुलाब के फूल देकर उत्साहवर्धन किया।
युवाओं ने रोज डे की शुभकामनाएं देने को लिया सोशल साइट का सहारा
युवाओं ने वैलेंटाइन वीक के शुभारंभ के मौके पर सोशल साइट का भी सहारा लिया। सोशल मीडिया पर युवाओं ने अपने शुभकामना संदेश भेजे। ऐसे तमाम संदेश सोशल साइट पर नजर आए।
20 रुपये का बिका गुलाब
रोज डे को देखते हुए फूल विक्रेताओं ने भी अपनी तैयारियां की। उनके द्वारा गुलाब के डंडी लगे फूल विशेष रूप से मंगाए। 20 रुपये तक का एक फूल बाजार में बेचा गया। इसके अलावा विक्रेताओं ने गुलदस्ते भी तैयार किए। आर्टिफिशियल फूलों की भी बाजार में बिक्री हुई। 200 रुपये तक के गुलदस्ते बाजार में बिक्री किए गए।