ग्राम पंचायत से लौटतीं सीडीओ ईशा प्रिया
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले में कुल 552 ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन जब भी कोई अफसर ग्रामीण क्षेत्र में व्यवस्थाएं देखना चाहता है तो उसे गिनी चुनी चार ग्राम पंचायतें ही दिखाईं जाती हैं। इस बार ऐसा ही किया गया है। नवागत सीडीओ को भी चुनिंदा ग्राम पंचायतों में घुमाकर जिम्मेदार अपनी गर्दन बचा गए।
विकास खंड जागीर की ग्राम पंचायत अजीतगंज, मैनपुरी की ग्राम पंचायत अस्यौली, करीमगंज और जरामई में ही अधिकारियों का दौरा कराया जाता है। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी के अलावा मंडलायुक्त और शासन से नामित नोडल अधिकारी भी यहां विकास कार्य देखकर लौट जाते हैं।
सोमवार को नवागत सीडीओ ईशा प्रिया ने कार्यभार संभाला। इसके बाद मंगलवार को वह ग्राम पंचायतों की हकीकत जानने के लिए निकलीं। उन्हें ग्राम पंचायत अस्यौली के नगला गुरुबख्श, करीमगंज और अजीतगंज ले जाया गया। यहां नगला गुरुबख्श में सीडीओ ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत हुआ कार्य देखा तो वहीं अजीतगंज में निगरानी समिति के साथ बैठक की।