बंदियों को पेशी पर लाने वाले बंदी वाहन में लगे सीसीटीवी कैमरे
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। पेशी पर आने वाले बंदियों और उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की गतिविधि पर सीसीटीवी की नजर है। बंदियों को लाने वाले वाहनों में एसपी के निर्देश पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इस कैमरों का कंट्रोल रूम पुलिस लाइन में बनाया गया है।
जेल में बंदियों की सुरक्षा जेल प्रशासन की जिम्मेदारी है। कई बार जेल से दीवानी हवालात तक ले जाने के दौरान कई ऐसी घटनाएं हो जाती हैं, जो कि प्रशासन के लिए परेशानी का कारण बनती हैं। इसके साथ ही परिजन भी वाहन में सवार बंदियों को खाने-पीने का सामान देने से पीछे नहीं हटते हैं।
वहीं सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी मनमानी करते हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसपी अजय शंकर राय ने बंदियों को लाने वाले वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। इन कैमरों से अफसरों की नजर पुलिस वैन पर हर समय रहती है।
बंदियों की सुरक्षा हुई चुस्त
जनपद में अभी तक बंदियों पर हमले की घटनाएं सामने नहीं आईं हैं, लेकिन अन्य जनपदों में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। अब बंदी वाहन में सीसीटीवी लगने के बाद बंदियों की सुरक्षा का चक्र और भी मजबूत हो गया है।
पुलिसकर्मियों के खींचे जा रहे
बंदियों को पेशी पर लाने वाले पुलिसकर्मियों के ड्यूटी पर तैनाती के वक्त फोटो भी खींचे जा रहे हैं। ये फोटो रिकार्ड में सुरक्षित रखे जा रहे हैं। ऐसा पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने के लिए किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पूर्व में बंदियों के भागने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें न्यायालय ले जाने की बात से इंकार कर दिया था। इसके तहत ही यह व्यवस्था की गई है।
बंदियों की सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया है। इससे उनकी घर गतिविधि पर पुलिस नजर रख रही है। आगे भी सुधार की प्रक्रिया अनवरत जारी रहेगी।
अजय शंकर राय, एसपी