आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित विभव रिवेरा अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर को पूर्व साइंटिस्ट की कार की टक्कर से गार्ड की मौत हो गई। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना उस वक्त हुई जब गार्ड गेट खोलने आया था, तभी कार की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। मामले में परिजनों ने समझौते की बात कही। इस पर पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भी नहीं भेजा। बाद में किसी ने डीजीपी को ट्वीट कर दिया। लखनऊ से कॉल आने पर पुलिस हरकत में आ गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
गेट खोलने आया था गार्ड
गेट के पास खड़ा गार्ड (सीसीटीवी फुटेज)
थाना ताजगंज के तुलसी चबूतरा निवासी 50 वर्षीय तेज सिंह तीन महीने से विभव रिवेरा अपार्टमेंट में गार्ड की नौकरी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि शनिवार को वो ड्यूटी पर गया था।
अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 210 में महेश गुप्ता रहते हैं। वो रिटायर्ड साइंटिस्ट हैं। दोपहर तकरीबन दो बजे महेश गुप्ता होंडा सिटी कार से आए। गार्ड तेज सिंह गेट खोलने लगा।
आरोप है कि महेश गुप्ता कार लेकर आए। उनकी कार की टक्कर गेट में लगी। इसके बाद कार ने तेज सिंह को रौंद दिया। कार दीवार से भी टकरा गई।
डीजीपी को ट्वीट के बाद रिपोर्ट दर्ज
हादसे में गार्ड तेज सिंह गंभीर घायल हो गया। उसे अपार्टमेंट के लोग एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी लेकर आए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में परिजन आ गए। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस आ गई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौते की बातचीत होने लगी।
शाम तक पुलिस की ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर किसी ने डीजीपी को ट्वीट कर दिया। इसमें हादसे के बाद भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़ा किया।
इसके बाद लखनऊ से फोन कॉल आ गया। अधिकारियों तक मामला पहुंच गया। बाद में ताजगंज पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए।