कासगंज। शुक्रवार दोपहर बाद सीबीएसई इंटरमीडिएट का परिणाम आया। परिणाम आते ही विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। जिले के सभी विद्यालयों का शत प्रतिशत परिणाम रहा है।
सुबह से ही इंटरमीडिएट के परिणाम को लेकर विद्यार्थी उत्सुक दिखाई दे रहे थे। इस बार कोरोना के कारण परीक्षा नहीं हुई, लेकिन सीबीएसई बोर्ड ने एक मानक निर्धारित कर परिणाम घोषित किए। हाईस्कूल के अंक और 11वीं के अद्र्धवार्षिक और प्रीबोर्ड परीक्षा के अंक का आकलन किया और उसी के आधार पर इंटरमीडिएट का परिणाम घोषित कर दिया। सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल में सबसे अधिक 96 प्रतिशत अंक देवेश कुमार सिंह के आए हैं।
जेपी पब्लिक स्कूल में सबसे अधिक 95.80 अंक मुस्कान दीक्षित और यशोमनी मौर्या के रहे हैं। एसजेएस पब्लिक स्कूल में सबसे अधिक 95.6 प्रतिशत अंक धु्व्र, श्रृष्ठि तायल और शिवम नायक के रहे हैं। एमडी पब्लिक स्कूल में सबसे अधिक 90 प्रतिशत अंक कुलदीप कुमार के रहे। जबकि मेहताबराय पब्लिक स्कूल गंजडुंडवारा में कोई विद्यार्थी 90 प्रतिशत से अधिक अंक नहीं पा सका।
इधर स्कूल संचालक परिणाम आने के बाद यह जानने की होड़ में रहे कि किस विद्यालय के विद्यार्थी के सर्वाधिक अंक हैं। परिणाम आने के बाद कहीं विद्यार्थी खुश थे तो कहीं इस बात को लेकर मायूस थे कि उन्हें अपेक्षा के अनुसार पर्याप्त अंक नहीं मिल पाए।