आगरा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं की टर्म-1 की अब बड़ी परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। 30 नवंबर को सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा है। यह जिले के 72 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 14,720 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
सीबीएसई के शहर समन्वयक रामानंद चौहान का कहना है कि विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचना चाहिए। सुबह 09:45 बजे से ही केंद्र में प्रवेश दिया जाने लगा। सुबह 11:00 बजे विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए मिल जाएगा। 11:30 बजे कॉपी (ओएमआर शीट) मिलने के साथ ही परीक्षा शुरू हो जाएगी। दोपहर 01:00 बजे परीक्षा संपन्न होगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बोर्ड की ओर से एक पर्यवेक्षक की तैनाती रहेगी। इसके अलावा उड़नदस्ते भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। जिले के केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए कुल 20 उड़नदस्ते बनाए गए हैं। रामानंद चौहान का कहना है कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर उड़नदस्ते निरीक्षण के लिए पहुंचेंगे। केंद्र व्यवस्थापकों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराते हुए परीक्षा कराने का निर्देश दिया गया है।