सीबीएसई के 12वीं के परिणाम में जुड़वा बहनों ने शानदार प्रर्दशन किया। सोना गेहार व सौम्या गायत्री पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। वे दोनों एक-दूसरे की प्रेरक भी हैं। सोना ने 98.2 व सौम्या ने 97.4 फीसदी अंक पाए हैं।
सीबीएसई के 12वीं के परिणाम में गायत्री पब्लिक स्कूल की जुड़वा बहनों ने कमाल किया है। सोना गेहार ने 98.2 फीसदी और सौम्या ने 97.2 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। इन जुड़वा बहनों के राशि के नाम ही नहीं व्यवहार व सोच भी एक जैसी है। दोनों ही स्नातक करने के साथ यूपीएससी की तैयारी करेंगी। दोनों ने आईएएस बनने की ठानी है।
विज्ञापन
दोनों बहनों के प्राप्तांक में मामूली अंतर है। कक्षा 10वीं की परीक्षा में सौम्या ने 92 और सोना ने 90 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। सोना ने बताया कि वह सौम्या से सात मिनट पहले पैदा हुईं थीं। हम उम्र होने के बाद भी उन दोनों में प्रतिद्वंद्विता नहीं है। वह एक-दूसरे के लिए प्रेरक का काम करती हैं।
सौम्या ने बताया कि तबीयत खराब होने पर सोना स्कूल में जो पढ़कर आती थी, उन्हें पढ़ाती थीं। इससे तैयारी बेहतर हो गई। दोनों ने एक-दूसरे की परीक्षा की तैयारी में मदद की। आगे डीयू से राजनीति विज्ञान से बीए ऑनर्स करना चाहती हैं। 12वीं में दोनों ने कोचिंग नहीं की।
विज्ञापन
मां के साथ पढ़ती हैं गीता
दोनों की रुचि भी एक जैसी है। दोनों को पेंटिंग करना और कोलॉज बनाना पसंद है। अप्सा की प्रतियोगिता में कोलॉज बनाने में तृतीय स्थान प्राप्त किया था। सोना ने बताया कि वह दोनों बहनें अपनी मां सरिता के साथ श्रीमद्भगवद्गीता पढ़ती हैं। मां हमेशा कहती थी कि प्रयास में कोई कसर मत छोड़ो, परिणाम अच्छा ही होगा। पिता शिवेंद्र सिंह गेहार कारोबारी हैं। मां गृहिणी हैं लेकिन पिता का कारोबार में मदद करती हैं।