एटा में सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणाम में इस बार अलग तरह का इतिहास बन गया। चार विद्यार्थी समान अंक पाकर टॉपर रहे हैं। असीसी कॉन्वेंट स्कूल की गुनगुन जैन, सृष्टि द्विवेदी, ट्यूलिप पब्लिक स्कूल के हर्षित वर्मा सहित धुमरी पब्लिक स्कूल के श्रेय अग्रवाल ने 97 फीसदी अंक पाकर धाक जमाई है। विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा।
जिले में इंटरमीडिएट के मान्यता प्राप्त 17 विद्यालय हैं। जिनका करीब 95 फीसदी परिणाम रहा है। कुल 1712 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को जब बोर्ड ने परीक्षा परिणाम घोषित किया तो उत्सुकता के साथ छात्र-छात्राओं ने वेबसाइट पर अपना परिणाम खंगालना शुरू कर दिया। शुरू में सर्वर की रफ्तार एकदम से सुस्त हो गई। जिसके चलते परिणाम दिखने में देरी हुई। बाद में नतीजे सामने आने लगे। असीसी कॉन्वेंट स्कूल में विज्ञान वर्ग की गुनगुन जैन और इसी वर्ग की सृष्टि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं ट्यूलिप पब्लिक स्कूल के हर्षित वर्मा और जैथरा के धुमरी पब्लिक स्कूल के श्रेय अग्रवाल ने भी इतने ही अंक हासिल किए।
बायो ग्रुप को मैथ वालों ने पीछे छोड़ा
जिले में मैथ वालों ने बायोलॉजी ग्रुप के विद्यार्थियों को पीछे छोड़ दिया। चारों ही टॉप गणित वर्ग से हैं। जबकि विज्ञान वर्ग वाले अंकों के मामले में गणित वर्ग के विद्यार्थियों से पिछड़ते नजर आए हैं।
विद्यालयों में रहा जश्न का माहौल
परिणाम आने के साथ ही विद्यार्थियों का संबंधित विद्यालयों में पहुंचना शुरू हो गया। अपने परिणाम देखने के बाद वो खुशी से उछल पड़े। शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। वहीं विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर मेधावियों को बधाई दी।
बरसात ने मजा किया किरकिरा
12वीं का परिणाम जारी होने के कुछ ही समय बाद ही बरसात शुरू हो गई। जिससे तमाम बच्चे स्कूल में नहीं पहुंच सके और उनकी खुशी का मजा किरकिरा हो गया। घर में रहकर ही उन्होंने खुशी मनाई। इसी तरह का हाल हाईस्कूल के बच्चों का रहा। परिणाम आने के बाद बरसात होने लगी।