भोगांव। नई तहसील के पास पुलिस को एक कंटेनर लावारिस हालत में खड़ा मिला। पुलिस ने जब अंदर देखा तो उसमें कई मवेशी मृत अवस्था में थे। मवेशियों का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव गड्ढा खोद कर दबा दिया। चालक व खलासी की पुलिस तलाश कर रही है।
सोमवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि मैनपुरी रोड पर नई तहसील के पास एक कंटेनर खड़ा हुआ है। उसके पास न तो कोई चालक है न ही कोई अन्य व्यक्ति है। पुलिस ने जब कंटेनर में ताला लगा हुआ था। पुलिस ने जब कंटेनर को खोला तो उसमें कई भैंस और पडरा मृत अवस्था में लदे हुए थे। पुलिस जेसीबी की मदद से कंटेनर को रुई इंडस्ट्रियल एरिया के पास ऊसर में ले गई। वहां शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद गड्ढा खोद कर दबा दिए गए। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लिया है। नंबर आदि के आधार चालक आदि के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने जब कंटेनर पर लिखे नंबर पर फोन किया तो सरफराज अहमद नाम के व्यक्ति ने फोन उठाया। बताया कि उसने कंटेनर काफी समय पहले ही बेच दिया। प्रभारी निरीक्षक गगन कुमार गौड़ ने बताया कि जानवरों के शव गड्ढा खोद कर दबा दिए गए हैं। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।