फिरोजाबाद में सोमवार 29 मई की रात एक बिल्ली के कारण पूरा शहर अंधेरे में रहा। बिल्ली की एक हरकत से शहर की बिजली सप्लाई ठप हो गई जो आठ घंटे बाद सुचारु हो सकी।
बता दें कि फिरोजाबाद के आवास विकास कालोनी सुहाग नगर सेक्टर दो के मुख्य चौराहे पर विद्युत ट्रांसफार्मर लगा है। यहां से शहर के प्रमुख एरिया सुहागनगर सहित अन्य जगह सप्लाई दी जाती है। सोमवार रात करीब दो बजे अचानक ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ और फाल्ट के कारण सप्लाई ठप हो गई।
ऐसे में रात भर पूरे क्षेत्र की बिजली गुल रही। रातभर बिजली गुल रहने के बावजूद विभागीय अफसरों को फाल्ट के संबंध में जानकारी नहीं हो सकी।
क्षेत्र के लोगें की सूचना पर सुबह विद्युत टीम ट्रांसफार्मर चेक करने पहुंची। यहां देखा तो ट्रांसफार्मर के निकट ही बिल्ली मरी पड़ी थी।
विद्युत विभाग के कर्मियों का कहना था कि बिल्ली रात में ट्रांसफार्मर के ऊपर कूद गई। इस कारण इसमें फाल्ट हुआ है। लाइन में कोई गड़बड़ी नहीं थी। इस फाल्ट को विभाग आठ घंटे बाद दूर कर सका। ऐसे में सोमवार रात दो बजे से मंगलवार दोपहर बाद तक लोग बिना बिजली के रहे। दोपहर बाद ही आपूर्ति सुचारु हो सकी।