आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में नुनिहाई पुलिस चौकी से 500 मीटर की दूरी पर सोमवार को दिनदहाड़े कैश कलेक्शन मैनेजर की हत्या कर छह लाख रुपये लूट लिए गए। बदमाश हत्या और लूटकर पैदल ही भाग गया।
विज्ञापन
इस घटना में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। सीसीटीवी से मिली फुटेज से बदमाश की पहचान कर ली गई है। बदमाश का नाम अली हसन है और एत्माद्दौला का निवासी बताया गया है। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए प्रयास कर रही है। इसके लिए टीम गठित की गई हैं।
हाथरस के सहपऊ स्थित गुढ़ाइचे निवासी सोनू यादव (30) पुत्र सत्येंद्र आगरा के धूलियागंज निवासी शराब व्यवसायी के लिए काम करते थे। बरहन, एत्माद्दौला और एत्मादपुर क्षेत्र में स्थित 13 ठेकों का कैश कलेक्शन उनके जिम्मे था। वह सोमवार सुबह बरहन के ठेकों से कैश लेने के बाद एत्माद्दौला आया था। शोभा नगर स्थित शराब के ठेके से एक कर्मचारी ओमप्रकाश भी उनके साथ बाइक पर आ गए।
नवलगंज में शराब के ठेके से कैश लेकर बैग में डाला इसे पीठ पर टांग लिया। बाइक स्टार्ट कर ही रहा था कि सामने से मास्क लगाए बदमाश आ गया। उसने तमंचे से उनके पेट में दाहिनी तरफ गोली मार दी। सोनू के नीचे गिरते ही बैग लूट लिया। सोनू को लोग एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उनको डॉक्टरों ने मृत बताया।
स्थानीय बदमाश पर था शक... घर पर नहीं मिला
सीसीटीवी फुटेज देख पुलिस को एत्माद्दौला क्षेत्र के ही एक बदमाश पर शक था, उसके घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने इसकी पहचान कर ली है। बदमाश एत्माद्दौला का निवासी है और उसका नाम अली हसन है।