आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के बजरंग नगर में बेटी का मुंडन कराने परिवार सहित गए एक सेल्समैन के घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए।
विज्ञापन
बजरंग नगर निवासी जितेंद्र कुमार एक निजी कंपनी में सेल्समैन हैं। उन्होंने बताया कि वह शनिवार शाम करीब 7 बजे परिवार सहित अपनी बेटी का मुंडन कराने के लिए जेवर जिले के घंसानिया गांव गए थे। इसी दौरान खाली पड़े मकान में चोर छत के रास्ते घर में घुस गए। अलमारी का ताला तोड़ दिया।
अलमारी में रखी सोने की दो जोड़ी झुमकी, पेंडल सहित सोने की चेन, चार चूड़ियां, चार अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, 15 चांदी के सिक्के, करीब एक किलो पुरानी चांदी और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। जिनकी कीमत 15 लाख रूपये से अधिक बताई है। मंगलवार सुबह जब परिवार घर लौटा तो कमरों और अलमारी के ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
विज्ञापन
चोरी का पता चलते ही परिवार के होश उड़ गए। पीड़ित की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।