आगरा। बोर्ड परीक्षा के बाद दो वीडियो वायरल होने पर नकल के मामले सामने आए। संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) के निर्देश पर डीआईओएस के स्तर से कमेटी गठित कर जांच का दावा किया गया। अब तक किसी भी मामले की रिपोर्ट तैयार नहीं हुई है। जबकि एक मामले में दो दिन में रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया था।
किरावली क्षेत्र में 19 मार्च को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक छात्र के साथ मारपीट की जा रही थी। पीड़ित छात्र ने खुद को सेवला निवासी सुरजीत बताया था। छात्र ने आरोप लगाया था कि अभुआपुरा स्थित रामखिलाड़ी इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान नकल कराने के नाम पर रुपये लिए गए थे। जब परीक्षा में नकल नहीं कराई गई तो उसने पैसे वापस मांगे। इसी बात से नाराज होकर शिक्षक सुखवीर सिंह ने मारपीट कर दी थी। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। इस कमेटी में राजकीय स्कूल रायभा के प्रधानाचार्य उदयभान सिंह, राजकीय स्कूल जऊपुरा के प्रधानाचार्य बहोरन लाल और खंड शिक्षाधिकारी अछनेरा सौरभ आनंद को शामिल किया गया है। कमेटी को दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। अब तक जांच रिपोर्ट तैयार नहीं हुई है। इससे पहले एत्मादपुर क्षेत्र के एक विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें भी नकल कराने का दावा किया गया था। इस पर भी जांच कमेटी गठित की गई लेकिन रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी। प्रभारी डीआईओएस मानवेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।