कासगंज। गंजडुंडवारा क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ करने के मामले में युवती ने गांव के ही तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट के बाद वीडियोग्राफी के माध्यम से युवती के बयान दर्ज किए जाने की कार्रवाई की है।
क्षेत्र के गांव में मंगलवार की देर शाम एक युवती अपने घर का दरवाजा बंद कर रही थी। तभी गांव के ही मोहित, कुंवरपाल, गौरव उसके दरवाजे में धक्का मारते हुए घर में घुस आए। युवती का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की है। युवती ने अपने बचाव के लिए चीख पुकार मचा दी। उसकी आवाज सुनकर आस पास के लोगों को आता देख आरोपी युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। युवती ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश करते हुए घटना के बारे में जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे।