विद्युत निगम की टीम पर हमला करने वालों पर केस दर्ज
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव शांति नगर में मंगलवार को चेकिंग करने गई विद्युत निगम की टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब हमला करने वालों की तलाश में दबिश दे रही है।
एलाऊ क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र औंग पर तैनात जेई राकेश चंद्र मंगलवार को टीम के साथ बकाया वसूली, बकाए पर कनेक्शन काटे जाने के अभियान के तहत शांतिनगर में चेकिंग करने के लिए गए थे। वहां पर ग्रामीणों से बकाया जमा करने के लिए कहा गया। वहीं बकाए पर कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई भी की गई। तभी वहां मौजूद अवधेश, सुनील, सुमित, सुदेश, राजेश, सुभाष, जितेंद्र, सतीश,अमित व अन्य लोगों ने टीम पर हमला बोल दिया था। इन लोगों ने गाली गलौज करते हुए कर्मियों के साथ हाथापाई की। हमले में मीटर रीडर निखिल व अन्य कर्मी भी घायल हो गए थे। जेई की तहरीर पर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, धमकी देने आदि की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद